

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विकास भवन में जिले के उच्च अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए कई अहम निर्देश दिए।


विधायक कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को खराब सड़कों पर जल्द डामरीकरण कार्य शुरू करने और उसकी डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को कहा कि फेस-4 के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के ऐसे गांव जहां अब तक सड़क नहीं पहुंची है, उनकी डीपीआर तत्काल शासन को भेजी जाए।



शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए विधायक ने प्राथमिक विद्यालयों, जूनियर हाई स्कूलों और इंटर कॉलेजों में रिक्त पदों पर शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति करने को कहा। इस पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्राथमिक विद्यालयों में 15 दिसंबर तक शिक्षकों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी।



विधायक कैड़ा ने बैठक में स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को राज्य सरकार, केंद्र सरकार और विधायक निधि से चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।



पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाए। वहीं अन्य विभागों को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया।


इस दौरान डी.डी.ओ. नैनीताल, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, जिला पंचायत सदस्य डीकर मेवाड़ी, अनिल चनोतिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, डुंगर ढोलगाई, पंकज उप्रेती, गोपाल कृष्ण भट्ट सहित PWD, PMGSY, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल निगम, जल संस्थान समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


