

स्थान: हरिद्वार
हरिद्वार के सिंहद्वार क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गैस सिलेंडर की गाड़ी लोड कर रहे कर्मचारियों पर कुछ हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।




हमले में अंकुश, कल्लू और संदीप नामक कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पीछे से आए और बिना किसी बहस के कर्मचारियों पर टूट पड़े।

हमलावरों की हैवानियत इतनी थी कि उन्होंने अंकुश का कान दांतों से काटकर अलग कर दिया। घायल अंकुश को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर सर्जरी की सलाह दी है।





घटना के बाद घायलों के परिजनों ने थाना कनखल में तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार दबिशें दी जा रही हैं। वहीं, इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




