

पर्थ।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 21 नवंबर से शुरू होने वाली एशेज 2025 टेस्ट सीरीज से पहले मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। पहले मुकाबले का आयोजन पर्थ के स्टेडियम में होगा, लेकिन टीम के दो अहम गेंदबाज जोश हेजलवुड और सीन एबॉट चोटिल होने के कारण उपलब्ध नहीं हो सकते हैं।




इंग्लैंड की टीम पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है और अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी घरेलू शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में अभी भी खेल रहे हैं, जिससे उनके फिटनेस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पैट कमिंस ने हेजलवुड और एबॉट की चोट पर अपडेट देते हुए कहा कि दोनों को स्कैन के लिए भेजा गया है। कमिंस ने कहा, “हेजलवुड का स्कैन काफी ठीक आया है, उम्मीद है कि वह पर्थ टेस्ट में फिट होंगे। एबॉट के मामले में अभी अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। टेस्ट मैच शुरू होने में एक हफ्ते का समय है, इसलिए हम सावधानी बरत रहे हैं।”



पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना उतरेगी, और टीम की कप्तानी स्टीव स्मिथ संभालेंगे। गेंदबाजी विभाग में मिचेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। इसके अलावा अनकैप्ड तेज गेंदबाज ब्रैंडन डॉजेट भी स्क्वाड का हिस्सा हैं, जिन्होंने हाल ही में तस्मानिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।

ऑस्ट्रेलिया एशेज ट्रॉफी अपने पास रखे हुए है और टीम की कोशिश इसे बरकरार रखने की होगी। हालांकि हेजलवुड और एबॉट की चोट ने टीम की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पर्थ टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलियाई फैंस की निगाहें अब खिलाड़ियों की फिटनेस पर टिकी हैं, और देखने वाली बात होगी कि टीम बिना अपने दो मुख्य तेज गेंदबाजों के कैसा प्रदर्शन करती है।




