यूसीसी के तहत सर्वाधिक विवाह पंजीकरण करने वाले ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

यूसीसी के तहत सर्वाधिक विवाह पंजीकरण करने वाले ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: तनवीर आंसरी

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत ग्राम सभाओं में सर्वाधिक विवाह पंजीकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। सितारगंज विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी रविन्द्र जुवाठा ने विकासखंड के माध्यम से चयनित ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

एसडीएम ने इस अवसर पर कहा कि ग्राम प्रधान समाज के सबसे नजदीकी जनप्रतिनिधि हैं और यूसीसी के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक लागू कराने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग विवाह पंजीकरण कराएं ताकि पारदर्शिता बनी रहे और भविष्य में किसी प्रकार के विवाद से बचा जा सके।

एसडीएम रविन्द्र जुवाठा ने सभी ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण को जन आंदोलन का रूप दें और हर ग्राम सभा में लोगों को इसके महत्व के बारे में जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों ने भी प्रशासन का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में 100 प्रतिशत विवाह पंजीकरण सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।