सितारगंज में आवारा मवेशियों से टकराकर युवक गंभीर रूप से घायल, आर्थिक तंगी से रुका इलाज

सितारगंज में आवारा मवेशियों से टकराकर युवक गंभीर रूप से घायल, आर्थिक तंगी से रुका इलाज

स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: तनवीर आंसरी

नगर की सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों का आतंक एक बार फिर भारी पड़ गया। कुछ माह पहले प्रतिपाल सिंह, निवासी सितारगंज, सड़क पर जा रहे थे कि अचानक एक आवारा मवेशी से टकराकर वे बुरी तरह घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल हल्द्वानी के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लगभग तीन महीने तक चला इलाज और उसमें परिवार को लाखों रुपये खर्च करने पड़े। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन अब इलाज जारी नहीं रख पाए। पैसों की कमी से मजबूर होकर उन्हें अधूरा इलाज बीच में ही रोककर घर लाना पड़ा।

प्रतिपाल सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में बूढ़ी मां, पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। अब घर का सहारा व्हीलचेयर पर है, और परिवार गहरे संकट में।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए प्रतिपाल सिंह को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी और आर्थिक सहयोग भी किया था। लेकिन इलाज की लंबी अवधि और बढ़ते खर्च ने परिवार की कमर तोड़ दी है।

इस समय प्रतिपाल सिंह घर पर व्हीलचेयर पर लेटे हैं, इलाज अधूरा है और परिवार मदद की गुहार लगा रहा है। उनकी पत्नी और मां का रो-रो कर बुरा हाल है।

परिवार ने राज्य सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि प्रतिपाल सिंह का इलाज दोबारा शुरू हो सके और उनके परिवार को जीवनयापन का सहारा मिल सके।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि इस घटना पर ध्यान देते हुए शहर की सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।