

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

उपनेता प्रतिपक्ष व खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी का जन्मदिन खटीमा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर बाबा भारामल मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर केक काटा और विधायक के दीर्घायु की कामना की।





कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर ने कहा कि खटीमा के लोकप्रिय विधायक भुवन कापड़ी का जन्मदिन इस बार विशेष रूप से बाबा भारामल मंदिर में मनाया गया, जहां भंडारे का आयोजन कर आए हुए श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि विधायक ने हमेशा जनता के हित में काम किया है और यही कारण है कि आज जनता उनके साथ हृदय से जुड़ी हुई है।

इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के पूर्व अध्यक्ष कुंवर सिंह खनका ने विधायक कापड़ी को उनके 45वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके पिछले कार्यकाल में किए गए जनहित कार्यों को याद किया।




वहीं विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने बाबा भारामल मंदिर में माथा टेककर अपने क्षेत्र की जनता की कुशलता और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर खटीमा क्षेत्र का पौराणिक तीर्थ स्थल है, जहां साल में दो बार बड़े भंडारे आयोजित होते हैं और दूर-दराज़ से श्रद्धालु सेवा भावना से भागीदारी करते हैं।
जन्मदिन के अवसर पर विधायक की माता ने भी बाबा भारामल से अपने पुत्र के दीर्घायु और यश कीर्ति में वृद्धि की प्रार्थना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने फलों का वितरण कर विधायक के उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।




