

स्थान…. हल्द्वानी
रिपोर्ट… ऋषि कपूर

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जोहार महोत्सव के दूसरे दिन भी जबरदस्त रौनक रही। स्कूली बच्चों से लेकर स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मैदान में पूरे दिन लोगों की भारी भीड़ और उत्साह बना रहा।





दूसरे दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत भाषण, जोहारी शौका व्यंजन, चित्रकला और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई। बच्चों की रचनात्मकता और ऊर्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, रंगारंग कार्यक्रम के दौरान जब “पी जाए ठंडो पानी पी जाए…” गीत गूंजा तो पूरा पंडाल झूम उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बंशीधर भगत और विधायक सुमित हृदयेश ने संयुक्त रूप से किया। देर रात तक चले सांस्कृतिक सत्रों में शौका कलाकारों ने एकल और सामूहिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।





रात के कार्यक्रमों में गणेश मर्तोलिया, रुचि जंगपांगी, स्वर्गीय कबूतरी देवी की पुत्री हेमंती देवी और नेपाली लोकगायिका शांति श्री परिहार की प्रस्तुतियों ने माहौल को लोकधुनों से सराबोर कर दिया।
महोत्सव में लगे स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पहाड़ी दालें, गर्म कपड़े और महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पाद खूब पसंद किए जा रहे हैं। वहीं, शहरवासी मुनस्यारी की राजमा और महत खरीदने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।




