

लोकेशन- रुड़की
संवाददाता- संदीप चौधरी

रुड़की में दो दिवसीय श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव और वार्षिक महोत्सव की धूम

इस बार रुड़की में बाबा श्री खाटूश्याम का 33वां दो दिवसीय जन्मोत्सव और वार्षिक महोत्सव कुछ खास होने वाला है। शहर के नेहरू स्टेडियम में 3 और 4 नवंबर को यह आयोजन बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा।

इस बार की सबसे खास बात यह है कि रुड़की में पहली बार श्री श्याम मित्र मंडल समिति की ओर से 11 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। सभी विवाह पूर्ण विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न होंगे। समिति द्वारा नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री भी प्रदान की जाएगी।




समिति अध्यक्ष राहुल बंसल ने जानकारी दी कि 3 नवंबर को सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 4 नवंबर को श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव और भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इस दौरान साध्वी आनंद ज्योति परम हंस के पावन सानिध्य में देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक भक्तिमय प्रस्तुति देंगे।
भजन संध्या में कोलकाता के सौरभ शर्मा, पटियाला के विशाल शैली, रुड़की के दिनेश बजरंगी, और सिरसा के राजेश गोयल बाबा अपने भजनों से बाबा श्याम को रिझाएंगे।


महोत्सव में बाबा खाटूश्याम को 56 भोग और 51 किलो मिल्क केक का भोग लगाया जाएगा। वहीं, कोलकाता से मंगाए गए विशेष फूलों से बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।

मुख्य संरक्षक चेरब जैन, मनोज वर्मा और पूजा गुप्ता ने बताया कि निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह की पहल समाज में सेवा, एकता और भक्ति का अद्भुत संदेश दे रही है। नगरवासी भी इस सराहनीय कदम की प्रशंसा कर रहे हैं।


श्री श्याम मित्र मंडल समिति ने सभी भक्तों से अपील की है कि 3 और 4 नवंबर को नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम की महिमा का लाभ उठाएं।
इस नवंबर, रुड़की में श्याम भक्ति, सेवा और शुभ मंगलमय आयोजन की होगी विशेष शुरुआत।




