

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)

जीआईसी खेल मैदान में आज स्वामी विवेकानंद विद्यालय स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ अद्वैत आश्रम मायावती के प्रबंधक स्वामी सुहृदानंद जी महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और दोनों टीमों के नन्हे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें मोबाइल और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।



प्रतियोगिता के पहले दिन कुल चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मुक्ता मेमोरियल होली विजडम एकेडमी ने सी एकेडमी को 2-0 से हराया। होली विजडम की ओर से ऋषभ ने दोनों गोल किए।



दूसरे मुकाबले में ऑकलैंड पब्लिक स्कूल ने रा.इ.का. लोहाघाट को 1-0 से मात दी, जिसमें आदित्य पनेरु ने निर्णायक गोल दागा।


तीसरा मुकाबला ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल और अल्पाइन पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें नैतिक के गोल से ज्ञानदीप की टीम 1-0 से विजयी रही।

दिन का अंतिम मैच विवेकानंद विद्यामंदिर और स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच हुआ, जिसमें सचिन और साहिल के शानदार गोलों से विवेकानंद विद्यामंदिर ने 2-0 से जीत दर्ज की।


आयोजक फुटबॉल कोच नितेश ढेक और शिक्षक बृजेश ढेक ने बताया कि कल प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नशामुक्त किशोर पीढ़ी तैयार करना और फुटबॉल की नई प्रतिभाओं की खोज करना है। दोनों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक खेलों से जोड़ें ताकि वे स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।




