पछवादून में छठ महापर्व की आस्था का सागर, उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना

पछवादून में छठ महापर्व की आस्था का सागर, उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना

लोकेशन: विकासनगर, देहरादून

संवाददाता: इलम सिंह चौहान

पछवादून में आज छठ महापर्व की भव्य छटा देखते ही बन रही थी। सुबह की ठंड के बावजूद श्रद्धा और भक्ति का जोश चरम पर दिखा। श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

सुबह तड़के ही हजारों महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में नदी-तालाबों के घाटों पर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से छठ मइया की पूजा-अर्चना की। प्रेमनगर, सेलाकुई, डाकपत्थर, गंग मेवा बावड़ी सहित कई घाटों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

चारों ओर “छठ मइया की जय” और “सूर्य देव की जय” के जयघोष से माहौल भक्तिमय बन गया। पूजा के दौरान पारंपरिक गीतों और मंत्रों की गूंज पूरे क्षेत्र में सुनाई दी।

प्रशासन की तैयारियां भी इस बार काबिले तारीफ रहीं। घाटों पर लाइटिंग, सुरक्षा, पार्किंग और बैठने की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं हुई।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार का छठ पर्व अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत संगम रहा।