बाजपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सम्पन्न हुआ छठ महापर्व, महिलाओं ने मांगी सुख-शांति की दुआ

बाजपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सम्पन्न हुआ छठ महापर्व, महिलाओं ने मांगी सुख-शांति की दुआ

स्टेशन – बाजपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में पूर्वांचल समाज की महिलाओं ने मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर कठिन तप और आस्था के प्रतीक छठ महापर्व का समापन किया। इस दौरान महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्य उपासना की और अपने घर-परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

चीनी मिल के पास स्थित छठ घाट पर न्यू पूर्वांचल महासभा के तत्वावधान में सामूहिक छठ पूजा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जैसे ही सूर्य देव के दर्शन हुए, महिलाएं सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ व दीप लेकर श्रद्धाभाव से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने लगीं। पूरा वातावरण “छठ मइया के जयकारों” से गूंज उठा।

पूर्वांचल समाज के लोगों ने बताया कि छठ व्रत सबसे कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। व्रती महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखती हैं और सूर्यदेव की उपासना कर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना करती हैं। उनका कहना था कि जो भी श्रद्धा और सच्चे मन से छठ मइया की साधना करता है, उसकी हर इच्छा पूर्ण होती है।

श्रद्धालुओं ने बताया कि सूर्य देव को शक्ति और ऊर्जा का देवता माना गया है, जिनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह (गित्ते) भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया और सभी को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुए इस पर्व ने बाजपुर में पूर्वांचल की आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।