बग्वालीपोखर में भैया दूज मेले का तीन दिवसीय आयोजन, विधायक मदन बिष्ट ने किया शुभारंभ

बग्वालीपोखर में भैया दूज मेले का तीन दिवसीय आयोजन, विधायक मदन बिष्ट ने किया शुभारंभ

स्थान: बग्वालीपोखर

भैया दूज के अवसर पर बग्वालीपोखर में तीन दिवसीय मेला शुरू हो गया है। मेले का शुभारंभ विधायक मदन सिंह बिष्ट ने किया। भंडर गांव से नगरे निशान मुख्य स्थान पोखर तक पहुंचे और मेला स्थल पर पारंपरिक ओढ़े-भेंटने की रस्म पूरी की गई।

इस अवसर पर विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने मेला कमेटी को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और कहा कि अगर और धन की आवश्यकता होगी तो उसे भी उपलब्ध कराया जाएगा।

विकास की स्थिति पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य थम गए हैं। द्वाराहाट-बग्वालीपोखर सड़क पूरी तरह टूट-फूट गई है और डामर जगह-जगह उखड़ चुका है। उन्होंने बताया कि कई बार प्रस्ताव देने के बावजूद आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।

इसके अलावा चौखुटिया में चल रहे ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ आंदोलन पर उन्होंने कहा कि लोग दो अक्टूबर से अनशन पर हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और समस्याओं के निराकरण के प्रयास जारी हैं।

मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और मेला स्थल के आसपास अनेक दुकानें लगाई गई हैं। मेला समिति के पदाधिकारी पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चला रहे हैं।

यह मेला न सिर्फ सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला भी माना जा रहा है।