हरिद्वार में आश्रमों पर कब्जे और धमकियों का मामला, धर्म संसद अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

हरिद्वार में आश्रमों पर कब्जे और धमकियों का मामला, धर्म संसद अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

स्थान :- हरिद्वार
रिपोर्ट :- संजय चौधरी

हरिद्वार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें मुनि मंडल आश्रम के महंत और कोठारी को जान से मारने की धमकियाँ मिलने की जानकारी मिली है। आरोप है कि कुछ स्थानीय भूमाफिया धर्म का चोला पहनकर न सिर्फ आश्रम की संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं, बल्कि विरोध करने वाले साधु-संतों को धमकाया जा रहा है या वे गायब हो रहे हैं।

इस मामले पर आज धर्म संसद के अध्यक्ष स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में आश्रमों को जबरन कब्जा कर बेचने की घटनाएं लगातार हो रही हैं और पिछले कुछ वर्षों में हरिद्वार के 65 से अधिक आश्रम अवैध तरीके से कब्जे में लेकर बेचे जा चुके हैं।

मुनि मंडल आश्रम में हाल ही में जबरन कब्जे और गुंडागर्दी की घटना हुई, जिसे लेकर पुलिस जांच में पुष्टि हो चुकी है और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। स्थानीय संत और नागरिकों का कहना है कि यह केवल एक आश्रम का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे आध्यात्मिक और धार्मिक ढांचे पर हमला है।

स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर धर्म के नाम पर माफिया गतिविधियों में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि मामला केवल संपत्ति विवाद नहीं है, बल्कि देश के संत समाज की सुरक्षा और स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है। “अगर संत अपने धर्मस्थलों में सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं, तो यह सीधे तौर पर सरकार के लिए भी चुनौती है,” उन्होंने चेतावनी दी।