चमोली के उच्च हिमालई क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू, निचले इलाकों में शीतलहर और बारिश

चमोली के उच्च हिमालई क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू, निचले इलाकों में शीतलहर और बारिश

रिपोर्ट-संजय कुंवर

स्थान-चमोली

जनपद के उच्च हिमालई क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदल ली है और बर्फबारी शुरू हो गई है। समुद्र तल से लगभग 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित श्री लोकपाल हेमकुंड साहिब और श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में बर्फबारी जारी है। पूरी लोकपाल भ्यूंडार वैली में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।

निचले इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ठंड की दस्तक शुरू हो गई है। मौसम विभाग द्वारा उच्च हिमालई क्षेत्रों में जारी अलर्ट चमोली जिले में सटीक साबित हुआ। बद्रीनाथ धाम और आसपास की चोटियों पर भी हिमपात शुरू हो गया है।

उच्च हिमालई क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में गुलाबी ठंड और शीतलहर का असर दिखाई दे रहा है। ज्योतिर्मठ में सीमांत क्षेत्र में भी जबरदस्त शीतलहर जारी है।

जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र, SDRF, BRO, चमोली पुलिस और वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश और बर्फबारी के अलर्ट के चलते जिले के सभी उच्च हिमालई क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में भी हल्की बारिश शुरू होने की खबर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम के खतरनाक मिजाज के दौरान पर्वतारोहण, ट्रैकिंग और अनावश्यक यात्रा से बचें।