

टॉप : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई


श्रीनगर। राजकीय शिक्षक संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विशाल रैली का आयोजन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बड़ी संख्या में शिक्षक पहुंचे और सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।



शिक्षकों का कहना था कि मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, सचिव और विभागीय अधिकारियों से लगातार वार्ता और बैठकों के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। मजबूरन उन्हें सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश जताना पड़ रहा है।



रैली के दौरान शिक्षकों ने प्रधानाचार्य विभागीय सीधी भर्ती निरस्त करने, शत-प्रतिशत पदोन्नति तथा स्थानांतरण प्रक्रिया लागू करने जैसी प्रमुख मांगों को उठाया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे नियमित शिक्षण कार्य और छात्रहित के कार्यों को पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, लेकिन उन पर अतिरिक्त कार्य थोपे जा रहे हैं। प्रभारी प्रधानाचार्य के अतिरिक्त कार्य के लिए मानदेय की मांग भी संगठन ने प्रमुखता से रखी।



शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र से ही रैली निकालकर सरकार को सीधा संदेश देने का काम किया। इस मौके पर राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान, प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली, प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी, गढ़वाल मंडल व जनपद स्तर के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं पौड़ी जनपद से जिला मंत्री विजेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार काला, संरक्षक जयदीप रावत और भवान सिंह नेगी सहित कई शिक्षक नेता भी उपस्थित रहे।


