ज्योतिर्मठ में शारदीय नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, श्री यंत्र दर्शनों के लिए उमड़ी जनसैलाब

ज्योतिर्मठ में शारदीय नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, श्री यंत्र दर्शनों के लिए उमड़ी जनसैलाब

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान : ज्योतिर्मठ

उत्तराखंड के सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर मठ-मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। विशेष रूप से चौसठ योगिनी मंदिर में स्थापित अद्भुत और दिव्य आभा युक्त श्री यंत्र स्फटिक मणि के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं।

ज्योतिषपीठ से जुड़े ब्रह्मचारी विष्णु प्रिया नन्द महाराज के अनुसार, आदि गुरु शंकराचार्य जी ने इसी श्री यंत्र के सानिध्य में साहित्य लहरी सहित कई धर्मग्रंथों की रचना की थी। लगभग 4 फीट ऊँचा यह श्री यंत्र विश्व का सबसे बड़ा माना जाता है और इसके वाइब्रेशन पूरे उत्तराखंड में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।

गुरु महाराज ने बताया कि इसके सामने बैठे व्यक्ति को ध्यान या साधना की आवश्यकता नहीं होती। यह अपनी वाइब्रेट पावर से स्वतः आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कराता है। शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालु इस दुर्लभ श्री यंत्र का पुण्य लाभ लेने ज्योतिर्मठ पहुंच रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन और मठ प्रबंधन ने भी व्यवस्था कड़ी कर दी है ताकि भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण दर्शन का अनुभव मिल सके।