बाजपुर में बंदरों का आतंक खत्म करने की पहल, 80 बंदरों को पकड़ा गया

बाजपुर में बंदरों का आतंक खत्म करने की पहल, 80 बंदरों को पकड़ा गया

लोकेशन,, बाज़पुर उधमसिंह नगर

रिपोर्टर, अकरम चौधरी

16 सितंबर।
नगर क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों के आतंक से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद बाजपुर ने बंदरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत करीब 80 बंदरों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित रूप से गड़प्पू वन क्षेत्र में छोड़ा गया।

पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ ने बताया कि नगरवासियों की लगातार शिकायतों और मांग को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। बंदरों द्वारा लोगों को काटने, कपड़े फाड़ने और खाने-पीने का सामान नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं, जिससे नगरवासी भयभीत थे।

आगरा से आई विशेष टीम कर रही है बंदरों को काबू

इस अभियान का संचालन पालिका कर्मचारी सीताराम तिवारी की अगुवाई में किया गया, जिसमें आगरा से आई विशेषज्ञ टीम की मदद ली गई। टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष जाल और तकनीक का इस्तेमाल किया।

आवारा पशुओं पर भी जल्द कार्रवाई

पालिका अध्यक्ष गित्ते ने यह भी बताया कि आवारा पशुओं को लेकर भी शीघ्र ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें बांधकर रखें।

जनता ने जताया आभार

नगरवासियों ने बंदरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका प्रशासन और चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते की सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह पहल लंबे समय से प्रतीक्षित थी और इससे नगर में चैन की सांस ली जा सकेगी।