

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : चौबट्टाखाल /पौड़ी


जनपद पौड़ी के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पोखड़ा ब्लॉक के श्रीकोट गांव में गुलदार का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार को गांव निवासी जितेंद्र सिंह की चार वर्षीय पुत्री को गुलदार घर के आंगन से उठाकर ले गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू की। कई घंटों की खोजबीन के बाद बच्ची का शव गांव से कुछ दूरी पर मिला।



इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बढ़ गई है। कई स्थानों पर वह मवेशियों और पालतू जानवरों पर भी हमला कर चुका है। अब इंसानों को भी निशाना बनाया जा रहा है।



स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र रावत ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए वन विभाग से मांग की है कि इस आदमखोर गुलदार को तत्काल मार गिराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ी हुई है।



ग्रामीणों ने वन विभाग से लगातार गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और आदमखोर को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। वहीं, बच्ची की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

वन विभाग की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा की जा रही है।


