

स्थान-रुड़की

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटवाल आलमपुर 2 से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।



सात साल के मासूम छात्र के साथ दो शिक्षकों द्वारा कथित रूप से डंडे से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।


क्या है पूरा मामला?

परिजनों का आरोप है कि छात्र पिछले दो दिन से स्कूल नहीं जा रहा था, जिस पर एक शिक्षक खुद बच्चे को बुलाने उसके घर पहुंचा। वहां भी शिक्षक ने बच्चे के साथ मारपीट की। इसके बाद जब बच्चे के पिता उसे स्कूल छोड़ने गए, तो विद्यालय में मौजूद दो शिक्षकों ने मिलकर डंडे से बुरी तरह पीटा।

परिजनों का दावा है कि बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, और उसका इलाज जारी है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, स्कूल में किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और पुलिस को तहरीर सौंपी।
पुलिस का बयान:
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि:


“घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्चे के परिजनों से तहरीर मिल गई है, और मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।“


