


लक्सर (हरिद्वार),
उत्तराखंड के कई जिलों में जारी भारी बारिश की चेतावनी के बीच हरिद्वार जनपद में भी रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लक्सर क्षेत्र से होकर बहने वाली बाणगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह खतरे के निशान से एक सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।



लक्सर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सौरभ असवाल ने शुक्रवार को खानपुर क्षेत्र के इदरीशपुर गांव के पास बाणगंगा नदी के तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगातार सूचना मिल रही है कि नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिसे गंभीरता से लिया जा रहा है।



एसडीएम असवाल ने बताया कि बाणगंगा तटबंध में कई स्थानों पर रैट होल (रैंक कट) देखने को मिले हैं, जो आगे चलकर तटबंध को कमजोर कर सकते हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।




प्रशासन ने स्थानीय लोगों से बाणगंगा नदी के आसपास न जाने की अपील की है। साथ ही, नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है। यदि स्थिति और गंभीर होती है तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की योजना तैयार है।



आपदा प्रबंधन टीम, जल पुलिस, और राजस्व विभाग की टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।



