गौलापार हत्याकांड: हल्द्वानी में भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ ने पुलिस अधिकारियों की बर्खास्तगी की मांग की

गौलापार हत्याकांड: हल्द्वानी में भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ ने पुलिस अधिकारियों की बर्खास्तगी की मांग की

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी

गौलापार क्षेत्र में हुए अमित मौर्य हत्याकांड को लेकर मामला लगातार गरमाता जा रहा है।

सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि हत्या के मामले में न्याय की मांग कर रहे परिजनों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इस गंभीर मामले में पुलिस ने अब तक संतोषजनक खुलासा नहीं किया है, जिससे परिजनों और आम जनता में रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि परिजन सीबीआई जांच की मांग को लेकर अब भी आंदोलनरत हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में नैनीताल जिले के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।