



लोकेशन- लक्ष्मण झूला/ऋषिकेश
रिपोर्टर- सागर रस्तोगी



लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी के पास एक भीषण हादसा सामने आया है। टायर फटने के कारण सड़क किनारे खड़े एक ट्रक पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिर गया, जिससे ट्रक गंगा नदी में समा गया।


हादसे में दो युवक लापता हो गए हैं, जबकि दो घायल हुए हैं। घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मण झूला में भर्ती कराया गया, जहाँ से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।


हादसे का पूरा घटनाक्रम:

पुलिस के अनुसार, रुड़की (लांदोरा) से ईंटों से लदा ट्रक घट्टू घाट के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में गरुड़ चट्टी के समीप ट्रक का टायर फट गया, जिसके कारण वह रात भर सड़क किनारे खड़ा रहा।


सुबह जब टायर बदला जा रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिर गया और ट्रक मलबे के साथ गंगा नदी में गिर गया।

लापता युवक और घायलों की पहचान:

लापता युवकों की पहचान

- मुसिर (45 वर्ष) निवासी मंगलौर,
- अजीत (32 वर्ष) निवासी सुल्तानपुर
के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि ये दोनों युवक ट्रक के साथ गंगा में बह गए हैं।
घायल दो अन्य युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।


राहत एवं बचाव कार्य जारी

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवान ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और लापता युवकों तथा ट्रक की गंगा में तलाश शुरू कर दी गई है।
वहीं, मलबा गिरने से नीलकंठ मार्ग पर आवागमन कुछ घंटों के लिए बाधित रहा, जिसे खोलने का प्रयास प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया:

“हादसा बेहद दुखद है। लापता युवकों की तलाश जारी है और हम राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।”


