लोहाघाट में आवारा गोवंशों के खिलाफ पालिका का अभियान, सीसीटीवी से चिन्हित होंगे जिम्मेदार लोग

लोहाघाट में आवारा गोवंशों के खिलाफ पालिका का अभियान, सीसीटीवी से चिन्हित होंगे जिम्मेदार लोग

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

नगर क्षेत्र में आवारा घूम रहे निराश्रित गोवंशों से हो रही यातायात बाधा और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में अभियान चलाकर इन गोवंशों को पकड़कर मड़ पसोली गौ सदन भेजा गया।

पालिका अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कुछ लोगों द्वारा अपने पालतू गोवंशों को जानबूझकर नगर में छोड़ दिया जा रहा है, जिससे न केवल सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है बल्कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

गोविंद वर्मा ने कहा,

“ऐसे लोगों को सीसीटीवी कैमरों की मदद से चिन्हित किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि नगर में इस तरह खुले घूम रहे सभी गोवंशों को चरणबद्ध तरीके से गौ सदन भेजा जा रहा है ताकि नगरवासियों को राहत मिल सके।

इस मामले को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार भी गंभीर हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर उन्हें गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए।