स्वामी रामभद्राचार्य पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, FIR की मांग

स्वामी रामभद्राचार्य पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, FIR की मांग

लोकेशन : लक्सर
रिपोर्टर : रामगोपाल

सोशल मीडिया पर स्वामी रामभद्राचार्य के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भीम आर्मी (नौटियाल गुट) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सेठपूर के खिलाफ हिंदू संगठनों ने लक्सर कोतवाली में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन विश्व हिंदू महासंघ के संरक्षक अजय वर्मा और जिलाध्यक्ष अनुज शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें हिंदू जागरण मंच सहित कई संगठन शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मांग की कि फेसबुक पर की गई अशोभनीय टिप्पणी और उस पर समर्थन में कमेंट करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि भीम आर्मी (नौटियाल गुट) के नेता दीपक सेठपूर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर स्वामी रामभद्राचार्य को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

इतना ही नहीं, एक पुलिसकर्मी समेत कई अन्य लोगों ने उस पोस्ट पर अभद्र टिप्पणियां कीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से तत्काल FIR दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।