


लोकेशन- बाज़पुर

रिपोर्टर- अकरम चौधरी

बाजपुर: भारतीय किसान यूनियन उत्तराखंड के प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने बाजपुर चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ए.पी. बाजपेई से मुलाकात की। इस बैठक में किसानों ने आगामी गन्ना पिराई सीजन को सफलतापूर्वक चलाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।



बैठक में किसानों ने मिल में चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति, गन्ने का मूल्य समय पर भुगतान, सीजन शुरू होने से पहले गन्ने के दामों का निर्धारण, और गन्ने के मूल्य को 500 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने की मांग रखी। साथ ही, चालू सीजन में केन अनलोडर, क्वॉड, आरबीसी जैसी मशीनों की खराबी के कारण हुई समस्याओं का भी उल्लेख किया गया।



किसानों ने मिल में पिछले दिनों सामने आई 3 करोड़ 79 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितताओं की जांच भी कराने पर जोर दिया।
प्रधान प्रबंधक ए.पी. बाजपेई ने मिल की समस्याओं को जल्द से जल्द सुलझाने और वित्तीय अनियमितता की जांच की कार्यवाही सक्रिय रूप से चलाने का आश्वासन दिया।



उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता अभिषेक कुमार ने सभी मरम्मत कार्य 31 अक्टूबर 2025 तक पूरा कराने का वादा किया है, ताकि आगामी पिराई सत्र 1 नवंबर 2025 से समय पर शुरू हो सके।


यह बैठक किसानों और मिल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण मानी जा रही है, जिससे आगामी सीजन में गन्ना उत्पादन एवं भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान संभव होगा।



