


रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू
स्थान : सितारगंज


भाजपा प्रत्याशी उपकार सिंह बल के निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने जाने पर सितारगंज में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि यह जीत भाजपा की नहीं, बल्कि जनता की जीत है।



मंत्री बहुगुणा ने कहा कि पार्टी ने उपकार सिंह बल को प्रत्याशी घोषित कर जनता की भावनाओं का सम्मान किया। साथ ही उन्होंने भाजपा हाईकमान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सिसैया क्षेत्र की जनता ने उपकार सिंह को बीडीसी बनाकर जो विश्वास जताया, वह अब विकास के रूप में दिखाई देगा।


आपदा पीड़ितों को समर्पित की जीत

बहुगुणा ने कहा कि उत्तरकाशी में आई आपदा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कोई विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। यह जीत आपदा में मृतकों और प्रभावितों की संवेदनाओं को समर्पित की गई है।


विकास योजनाओं का किया उल्लेख


मंत्री बहुगुणा ने बताया कि उनकी विधानसभा पहले से ही राज्य की टॉप फाइव विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है। क्षेत्र में एक्वा पार्क, पार्किंग स्थल और अन्य कल्याणकारी योजनाएं पहले ही धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत “डबल इंजन की सरकार” के प्रति जनता के विश्वास की जीत है, और आगे भी जन-कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

प्रेस वार्ता और शुभकामनाओं के इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, राज्य मंत्री खतीब अहमद, मंडी अध्यक्ष अमरजीत सिंह कटवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुरजीत सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश सनवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।



