

भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज सितारे, रोहित शर्मा और विराट कोहली, अब केवल वनडे क्रिकेट में ही नजर आने वाले हैं। टी20 और टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह चुके इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर अब चर्चा तेज है कि क्या जल्द ही वनडे फॉर्मेट से भी विदाई होने वाली है?



रोहित-कोहली की जोड़ी, जिसे फैंस “रो-को” के नाम से पुकारते हैं, एक समय भारतीय क्रिकेट की रीढ़ मानी जाती थी। लंबे समय से मैदान से दूर चल रहे दोनों खिलाड़ी अक्टूबर में प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे में टीम इंडिया का हिस्सा बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह दौरा इन दोनों दिग्गजों का आखिरी विदेशी दौरा भी साबित हो सकता है।


गंभीर ने पहले ही दिया था संकेत!
पूर्व सलामी बल्लेबाज और टीम इंडिया के नए कोच गौतम गंभीर का एक पुराना बयान इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा था कि,

“हर खिलाड़ी को सम्मानजनक विदाई मिलनी चाहिए, लेकिन फेयरवेल प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए, न कि केवल नाम के दम पर।”

गंभीर के इस बयान को रोहित और कोहली के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, गंभीर ने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन उनका बयान अब इन दोनों खिलाड़ियों की विदाई की अटकलों को हवा दे रहा है।

क्या बोले फैंस?

क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस बात को लेकर भी बहस जारी है कि क्या BCCI रोहित और कोहली को वर्ल्ड कप जैसे किसी बड़े मंच पर फेयरवेल देने की योजना बना रही है, या फिर यह निर्णय प्रदर्शन के आधार पर लिया जाएगा।
चयनकर्ताओं की नजर में क्या है?

सूत्रों के मुताबिक चयनकर्ता भी इस बार हर फॉर्मेट के लिए युवा खिलाड़ियों पर अधिक भरोसा जता रहे हैं। लेकिन वनडे क्रिकेट में अब भी रोहित और कोहली के अनुभव को टीम के लिए अहम माना जा रहा है।



