

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर क्षेत्र में लंबे समय से सड़कों पर घूम रही आवारा गायों और बैलों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोग नगर पालिका प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं कि इन जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए इन्हें गौशालाओं में भेजा जाए।



हालांकि नगर पालिका द्वारा अब तक कुछ आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने और पशु स्वामियों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गई है, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर जानवरों की संख्या कम नहीं हो रही है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अक्सर गायें सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं।

करणी सेना का विरोध प्रदर्शन, चढ़े पानी की टंकी पर


आवारा गायों की बढ़ती दुर्दशा से आक्रोशित होकर करणी सेना के कार्यकर्ता रविवार को पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने नगर पालिका के प्रति गहरा रोष जताया और कहा कि
“एक सप्ताह पहले भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन नगर पालिका ने कुछ गायें पकड़कर औपचारिकता पूरी कर ली। वास्तविक समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।”


नगर पालिका अधिकारी ने दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मौके पर पहुंचे और टंकी पर चढ़े लोगों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि
“अगले 15 दिनों के भीतर एक बड़ा अभियान चलाकर सभी आवारा गायों को पकड़ा जाएगा और गौशाला भेजा जाएगा। इसके साथ ही अब जो भी पशु स्वामी अपने मवेशी सड़कों पर छोड़ता पाया गया, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।“

करणी सेना की चेतावनी – 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन
अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ता टंकी से नीचे उतरे, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि

“यदि 15 दिन के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो हम बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।“

जनता परेशान, दुर्घटनाएं आम बात
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर घूमते मवेशी ना सिर्फ ट्रैफिक में बाधा बनते हैं, बल्कि रात के समय दुर्घटनाओं की बड़ी वजह भी बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।



