

लक्सर

खानपुर ब्लॉक के भारूवाला से भोवावाली गांव तक बन रही लगभग 17 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माणाधीन स्थिति में ही टूटने लगी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही इस सड़क की लागत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।



ग्रामीणों ने घटिया निर्माण की शिकायत की
भोवावाली गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी सड़क का निर्माण कार्य पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ है और पीछे से सड़क दरकने लगी है।



स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेकेदार और संबंधित जेई से इस विषय में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो सड़क से गुजरने वाले दर्जनों गांवों के लोग परेशान होते रहेंगे।



डीएम हरिद्वार ने दिए जांच के आदेश
रविवार सुबह 9:00 बजे हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा,


“सड़क निर्माण में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसकी पूरी जांच कराई जाएगी और संबंधित निर्माण एजेंसी से जवाब तलब किया जाएगा। साथ ही, जो अधिकारी और विभाग इस सड़क की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, उनसे भी जवाब मांगा जाएगा।“
दर्जनों गांवों की जीवनरेखा है यह सड़क


गौरतलब है कि यह सड़क दर्जनभर गांवों को जोड़ते हुए खानपुर से संपर्क स्थापित करती है। ऐसे में इस सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठना आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा से सीधा जुड़ा मामला है।



