

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

देर रात रामनगर के बैलपड़ाव इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बाइक पर सवार 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रतनपुर निवासी राम बहादुर अपने बेटे गुड्डू (8 वर्ष) को तबीयत खराब होने के कारण रामनगर दवा दिलाने के लिए बाइक से ला रहे थे।



इसी दौरान गैबुआ के समीप उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत एक तेज रफ्तार कैंटर वाहन से हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही बैलपड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने राम बहादुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका पुत्र गुड्डू अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन है।


हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


प्रशासन से स्थानीय लोगों की मांग:
स्थानीय निवासियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस प्रकार के हादसों को रोका जा सके।



