

स्थान- खटीमा ,उधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

बरसात के मौसम में खटीमा के विभिन्न आबादी क्षेत्रों में मगरमच्छों के निकलने की घटनाओं में तेजी आई है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नदियों और नालों में उफान के कारण मगरमच्छ आबादी की ओर रुख कर रहे हैं।



शनिवार देर शाम इस्लामनगर क्षेत्र के हुसैनी मस्जिद के पीछे नाले के पास एक मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड नंबर 9 के सभासद मोहम्मद सारिफ ने वन विभाग को सूचना दी।



रेंज अधिकारी जीवन चंद्र उप्रेती के निर्देश पर वन दरोगा उत्तम सिंह राणा ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर प्राकृतिक स्थल पर छोड़ा।




इस दौरान सैकड़ों स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सभासद मोहम्मद सारिफ ने आईटीआई क्षेत्र के समीप नाले में मौजूद अन्य मगरमच्छों को भी पकड़ने की मांग की है।

वन विभाग की एसडीओ सचिता वर्मा ने बताया कि बरसात के दौरान सांप और मगरमच्छ जैसे वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में पहुंचने की घटनाएं आम हो जाती हैं। इसके लिए विभाग ने विशेष रेस्क्यू टीम गठित की है, जो समय रहते इन जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने का कार्य कर रही है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और मगरमच्छों से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं।



