लक्सर में कांवड़ियों का सैलाब, तीन किलोमीटर लंबा जाम

लक्सर में कांवड़ियों का सैलाब, तीन किलोमीटर लंबा जाम

लक्सर (हरिद्वार)

सावन माह में कांवड़ यात्रा के तहत लक्सर क्षेत्र में आज शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भारी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों के कारण सड़कों पर लगभग 3 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जाम की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार श्रद्धालु और स्थानीय लोग मुख्य मार्ग छोड़कर गांवों के कच्चे रास्तों की ओर रुख करते नजर आए। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस प्रशासन की सभी यातायात व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, न तो ट्रैफिक डायवर्जन ठीक से लागू किया गया और न ही भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए गए। गर्मी और उमस के बीच घंटों फंसे राहगीर खासे परेशान नजर आए।

प्रशासन की ओर से जाम को खुलवाने और यातायात सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। परंतु बढ़ती भीड़ और सीमित संसाधनों के चलते पुलिस-प्रशासन जमीनी स्तर पर बेकाबू नजर आया।

सावधानी और योजना के बिना उमड़ती भीड़ के आगे पुलिस व्यवस्था फिर एक बार फेल साबित होती दिखाई दी।