सावन के द्वितीय सोमवार पर जागेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सावन के द्वितीय सोमवार पर जागेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अल्मोड़ा

संवाददाता : हरीश भण्डारी

द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में सावन मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही मंदिर परिसर में महामृत्युंजय मंत्रों की गूंज के बीच भक्त लंबी कतारों में खड़े होकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना में जुटे रहे।

सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु भोलेनाथ को जल, बेलपत्र, दूध व पुष्प अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।

जागेश्वर धाम में देशभर से आए श्रद्धालु शिवलिंग पर जल चढ़ाते हुए “ॐ नमः शिवाय” के जयकारे लगाते नजर आए।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थित सुरक्षा, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वयंसेवी संस्थाएं भी सेवा कार्यों में सक्रिय हैं।

सावन की भक्ति और आस्था से ओतप्रोत जागेश्वर धाम में शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मंदिर परिसर और आस-पास का वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय बना हुआ है।