त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: चमोली सहित चार जिलों के लिए 64 पोलिंग पार्टियां रवाना, 24 जुलाई को प्रथम चरण का मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: चमोली सहित चार जिलों के लिए 64 पोलिंग पार्टियां रवाना, 24 जुलाई को प्रथम चरण का मतदान

संजय कुंवर, चमोली

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों के दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए सोमवार को 64 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। आगामी 24 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए प्रशासन और निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है।

ज्योतिर्मठ, देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों में पहले चरण में मतदान होगा। खासकर ज्योतिर्मठ ब्लॉक की ढाक और उर्गम जिला पंचायत सीटें हॉट सीट मानी जा रही हैं। यहां महिला प्रत्याशी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही हैं।

मानसूनी बारिश और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क में जुटे हैं। डुमक, कलगोठ, द्रोणागिरी, नीति घाटी और माना गांव जैसे इलाकों में प्रत्याशियों का उत्साह देखते ही बनता है।

चमोली जिले में इस चरण में कुल 26 जिला पंचायत, 244 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 615 ग्राम प्रधान और 4385 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। इस दौरान मौसम विभाग ने 21 और 22 जुलाई को वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है, जिससे पोलिंग पार्टियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी जिलों में प्रेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

(24 जुलाई को मतदान के दिन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।)