देहरादून: मालदेवता में सॉन्ग नदी में उतारी कार, तेज बहाव में बह गई गाड़ी

देहरादून: मालदेवता में सॉन्ग नदी में उतारी कार, तेज बहाव में बह गई गाड़ी

संवाददाता – सचिन कुमार

मॉनसून में प्रशासन की चेतावनियों को किया नजरअंदाज़, बाल-बाल बचे सवार

देहरादून, 11 जुलाई।
उत्तराखंड में मॉनसून के दौरान पुलिस और प्रशासन की बार-बार की अपील के बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं।

ताजा मामला देहरादून के मालदेवता क्षेत्र से सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने सॉन्ग नदी में कार उतार दी, जो तेज बहाव में बह गई। गनीमत रही कि कार सवार समय रहते बाहर निकल आए और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 जुलाई की दोपहर की है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मालदेवता इलाके में घूमने और मस्ती करने पहुंचे थे। मौज-मस्ती के दौरान उन्होंने अपनी कार को सॉन्ग नदी में उतार दिया, जबकि क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नदी का जल स्तर पहले ही बढ़ा हुआ था।

जैसे ही कार नदी में उतारी गई, तेज बहाव में वह बहने लगी और काफी दूर तक खिंचती चली गई। इस दौरान कार में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। किसी तरह वे समय रहते गाड़ी से बाहर निकलने में सफल रहे और अपनी जान बचा सके।

पुलिस-प्रशासन ने इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोबारा अपील की है कि लोग नदी-नालों के पास जाने से बचें, विशेषकर मॉनसून के दौरान। यह न केवल उनके लिए, बल्कि बचाव कर्मियों के लिए भी जोखिम भरा होता है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।