रुड़की में बेलड़ा गांव के पास कांवड़ियों का बवाल, स्कॉर्पियो कार में की तोड़फोड़

रुड़की में बेलड़ा गांव के पास कांवड़ियों का बवाल, स्कॉर्पियो कार में की तोड़फोड़

लोकेशन- रूड़की

कांवड़ खंडित करने का आरोप, पुलिस ने पहुंचकर हालात किए काबू

हरिद्वार-रुड़की राज्य राजमार्ग पर गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब बेलड़ा गांव के पास कांवड़ियों ने एक स्कॉर्पियो कार पर उनकी कांवड़ को टक्कर मारकर खंडित करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

नाराज कांवड़ियों ने हाईवे पर जमकर तांडव मचाया और जिला प्रशासन लिखी स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का एक समूह बेलड़ा गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार वहां से गुजरी, जिस पर “जिला प्रशासन” लिखा हुआ था। कांवड़ियों का आरोप है कि कार ने उनकी कांवड़ को टक्कर मार दी, जिससे वह खंडित हो गई। इसके बाद मौके पर भारी संख्या में कांवड़िए जुट गए और गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

बताया गया है कि कार में एक लेखपाल सवार थे, जिन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके से निकल जाना ही उचित समझा। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती, आक्रोशित कांवड़ियों ने गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कांवड़ियों को हाईवे पर खुलेआम बवाल करते देखा जा सकता है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ कांवड़ियों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।

इस संबंध में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया है और वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।