सावन का पहला सोमवार: हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे

सावन का पहला सोमवार: हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे


स्थान:हरिद्वार
रिपोर्ट: नरेश तोमर

सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही हरिद्वार भक्ति में डूब गया। विशेषकर सावन के पहले सोमवार को हरिद्वार स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह से ही श्रद्धालु जल कलश, बेल पत्र और पुष्प लिए मंदिर पहुंचने लगे। ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारें देखी गईं और जगह-जगह भंडारे, जलसेवा और धार्मिक गीतों का आयोजन हुआ।

श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन का पहला सोमवार अत्यंत शुभ माना जाता है और इस दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने से जीवन की समस्त बाधाएं दूर होती हैं तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं, जबकि पुलिस प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए थे।