1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल शर्मा परिवार संग पहुंचे कॉर्बेट पार्क, पुलिस ने किया भव्य स्वागत

1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल शर्मा परिवार संग पहुंचे कॉर्बेट पार्क, पुलिस ने किया भव्य स्वागत

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

1983 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य और दिग्गज ऑलराउंडर मदनलाल शर्मा शुक्रवार को अपने परिवार के साथ दो दिवसीय भ्रमण पर विश्वप्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क पहुंचे। रामनगर कोतवाली पहुंचने पर कोतवाल अरुण कुमार सैनी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मदनलाल शर्मा भारतीय क्रिकेट इतिहास की उस स्वर्णिम टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसने कपिल देव की कप्तानी में वर्ष 1983 में पहला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर देश को गर्व महसूस कराया था। उन्होंने उस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

रामनगर पहुंचने पर मदनलाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह लंबे समय से कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने की इच्छा रखते थे और आज उनका यह सपना पूरा हुआ। उन्होंने कहा, “कॉर्बेट पार्क की जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों के बारे में बहुत सुना था। अब यहां आकर खुद इसका अनुभव कर रहा हूं।”

कॉर्बेट पार्क में प्रवेश के दौरान मदनलाल काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। उन्होंने पार्क की व्यवस्था और वन्यजीव संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी बेहद आकर्षक है।

उनके आगमन से स्थानीय प्रशासन और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिस विभाग द्वारा किए गए स्वागत ने उनके इस दौरे को और भी खास बना दिया।