सीएम धामी ने की धान रोपाई, खेत में बिताए पुराने दिनों को किया याद

सीएम धामी ने की धान रोपाई, खेत में बिताए पुराने दिनों को किया याद

स्थान- खटीमा , उधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार सुबह खटीमा के नगला तराई स्थित अपने पैतृक खेत में धान की रोपाई कर एक बार फिर मिट्टी से जुड़ाव का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ खेत में काम कर उनके श्रम, त्याग और समर्पण को नमन किया।

उन्होंने कहा कि “अन्नदाता केवल हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक भी हैं।”

धान रोपाई के इस अवसर पर ग्रामीण परिवेश में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए “हुड़किया बौल” के मधुर स्वर में भूमि के देवता भूमियां, जल के देवता इंद्र और छाया के देवता मेघ की वंदना की। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक और पारंपरिक रंग में रंग दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि खेतों में काम करना उनके बचपन का हिस्सा रहा है और यह अनुभव उन्हें सदैव जीवन के मूल से जोड़े रखता है। उन्होंने खेत में कार्यरत किसानों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अच्छी फसल की शुभकामनाएं भी दीं।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम अपने तय कार्यक्रम के तहत खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास पहुंचे थे

और शनिवार सुबह उन्होंने अपने खेत में पहुंचकर धान की रोपाई में भाग लिया। उनका यह कदम प्रदेश में कृषि और किसानों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।