

रितेश सागर

नैनीताल

नैनीताल जनपद के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत चांफी के पास स्थित मुसाताल क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना के चार जवानों में से दो की ताल में डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को समय रहते बचा लिया गया। जवान अपने साथ चार युवतियों के साथ कुल आठ लोगों के दल के रूप में पठानकोट से नैनीताल घूमने आए थे।



प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को चारों जवान मुसाताल ताल में नहाने उतरे थे। इसी दौरान साहिल और प्रिंस यादव गहराई में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए सौरभ सिंह और बृजेंद्र भी पानी में कूदे, लेकिन वे भी फंस गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से सौरभ और बृजेंद्र की जान तो बचा ली गई, लेकिन साहिल और प्रिंस यादव को नहीं बचाया जा सका।



घटना की सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों जवानों के शव ताल से बाहर निकाले गए।


भीमताल के सीओ प्रमोद साह ने बताया कि सभी जवान भारतीय वायुसेना के कर्मी हैं और पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन से छुट्टियों में नैनीताल घूमने आए थे। शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है और घटना की जानकारी संबंधित यूनिट को भी दे दी गई है।



इस दुखद घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि किसी भी जलस्रोत में प्रवेश करने से पूर्व उसकी गहराई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें। अनजान और असुरक्षित जलक्षेत्रों में तैराकी या स्नान जानलेवा साबित हो सकता है।



