भारी बारिश से चमोली में जनजीवन प्रभावित, बद्रीनाथ हाईवे उमट्टा के पास बंद, 20 लिंक सड़कें भी अवरुद्ध

भारी बारिश से चमोली में जनजीवन प्रभावित, बद्रीनाथ हाईवे उमट्टा के पास बंद, 20 लिंक सड़कें भी अवरुद्ध

चमोली
रिपोर्ट संदीप कुमार

प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश से चमोली जनपद में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करणप्रयाग के पास उमट्टा (बद्रीश होटल के समीप) भारी मलबा और बोल्डर गिरने के कारण हाईवे सुबह से पूरी तरह अवरुद्ध है।

देर शाम तक भी मार्ग पूरी तरह से सुचारु नहीं हो पाया था, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

20 लिंक सड़क मार्ग बंद
जिले के 20 अन्य लिंक सड़क मार्ग भी मलबा आने के कारण अस्थायी रूप से बंद हैं। जिनमें थराली ब्लॉक के सोल-डुग्री वाली सड़क पर भी भारी भूस्खलन और बोल्डर गिरने से यातायात पूरी तरह से बंद है।

पिंडर घाटी में भी सड़कें अवरुद्ध
इसी तरह पिंडर क्षेत्र में बारिश के चलते थराली-देवाल मोटर मार्ग भी नंद केसरी के पास अवरुद्ध है, जिससे क्षेत्रीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

कुछ राहत भी
हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NH) द्वारा बद्रीनाथ हाईवे को नंदप्रयाग और भनेरपानी के पास आंशिक रूप से खोल दिया गया है, जिससे कुछ हद तक आवाजाही को राहत मिली है।

प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें। साथ ही मलबा हटाने के लिए PWD और BRO की टीमें मौके पर जुटी हैं और मार्गों को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास जारी है।