

रुद्रप्रयाग

केदारनाथ धाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के लिए एक बार फिर मौसम और भू-खिसकाव ने बाधा उत्पन्न कर दी है।



सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में भारी मलबा और पत्थर गिरने के कारण यात्रा मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है।




प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत फिलहाल यात्रा को अस्थाई रूप से रोक दिया है।



इस भू-स्खलन की वजह से गौरीकुंड से लौट रहे कुछ यात्री रास्ते में फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और सभी फंसे यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जैसे ही मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित और सुचारु हो जाएगा, यात्रा को पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें। मौसम और भू-खिसकाव के इस संवेदनशील मौसम में यात्रा करने से पहले प्रशासन की आधिकारिक सूचना जरूर देखें।



