उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: रामनगर में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 28 जुलाई को होगा मतदान

उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: रामनगर में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 28 जुलाई को होगा मतदान

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार से रामनगर विकासखंड में भी नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। विकासखंड कार्यालय परिसर में सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का उत्साह देखने को मिला।

रामनगर चुनाव अधिकारी प्रिया सैनी ने जानकारी दी कि नामांकन प्रक्रिया 5 जुलाई तक जारी रहेगी, जिसके दौरान सभी इच्छुक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार:

  • मतदान: 28 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक
  • मतगणना: 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी
  • मतगणना स्थल: राजकीय महाविद्यालय, रामनगर का सभागार

रामनगर विकासखंड में कुल 4 न्याय पंचायतें हैं, जिनमें चुनाव निम्नलिखित पदों के लिए होंगे:

  • 50 ग्राम प्रधान
  • 31 क्षेत्र पंचायत सदस्य
  • 3 जिला पंचायत सदस्य

चुनाव अधिकारी के अनुसार इस बार विकासखंड में कुल 76,270 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 174 दिव्यांग मतदाता भी शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि वे बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।

इस बार क्षेत्र में 133 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। नामांकन से लेकर मतगणना तक हर चरण पर अधिकारियों की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

नामांकन प्रक्रिया के बाद अब प्रत्याशी प्रचार अभियान में जुटने लगे हैं, और गांव-गांव में चुनावी हलचल तेज होती जा रही है।