हरिद्वार दौरे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांवड़ मेला-2025 की तैयारियों का लिया जायजा

हरिद्वार दौरे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांवड़ मेला-2025 की तैयारियों का लिया जायजा

शहजाद अली

हरिद्वार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर रहे, जहां उन्होंने आगामी कांवड़ मेला-2025 की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम धामी सुबह 11:10 बजे गुरुकुल कांगड़ी हैलीपैड पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।

हैलीपैड से रवाना होकर मुख्यमंत्री सीधे सीसीआर टावर पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ मेले की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसी व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया गया।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और समय से पहले सभी तैयारियों को पूरा किया जाए। उन्होंने सीसीआर टावर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घाटों और कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का भी वर्चुअल निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेला सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक है। इसलिए इसे सुनियोजित और सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

दौरे के समापन पर मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हो गए।