अकबरपुर कालसो में नाले को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, जातिगत टिप्पणी पर भीम आर्मी का प्रदर्शन

अकबरपुर कालसो में नाले को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, जातिगत टिप्पणी पर भीम आर्मी का प्रदर्शन

टॉप भगवानपुर
मुरसलीन अल्वी

भगवानपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर कालसो गांव में नाले को लेकर चल रहे विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर हालात बिगड़ते देख भाजपा के राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, राजस्व विभाग और PWD के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने की कोशिश की।

इस घटनाक्रम को एक स्थानीय फेसबुक पेज द्वारा लाइव प्रसारित किया जा रहा था। इसी लाइव वीडियो के दौरान, वहां मौजूद एक पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान द्वारा एक विशेष जाति को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी सामने आई, जिसने मामले को और अधिक गंभीर बना दिया।

इस टिप्पणी के विरोध में भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का कहना था कि —

“जो व्यक्ति वर्दी में रहकर भी किसी धर्म या जाति का सम्मान नहीं करता, उसे खाकी पहनने का कोई अधिकार नहीं है। प्रशासन को ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करेंगे।

प्रशासन की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।