

हल्द्वानी, नैनीताल

पुलिस मुख्यालय द्वारा राजकीय और जनहित कार्यों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिलों को तकनीकी उपकरणों और नेटवर्क कनेक्टिविटी से लैस ई–मोबाइल वैन प्रदान की गई है। इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने हाल ही में पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी से इस वैन को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया।



उन्होंने मोबाइल वैन प्रभारी को व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने और आमजन को नवीनतम आपराधिक कानूनों की जानकारी देने के निर्देश दिए।



एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र (नोडल अधिकारी) के पर्यवेक्षण में श्री सूरज सिंह, प्रभारी ई–मोबाइल वैन और उनकी टीम ने आज हल्द्वानी के भोटियापड़ाव, भीमताल, और भवाली क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने स्थानीय नागरिकों को हाल ही में लागू हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए आपराधिक कानूनों के बारे में जानकारी दी।



इस दौरान लोगों को बताया गया कि ई–मोबाइल वैन का उद्देश्य आम जनता तक कानून की सही जानकारी पहुँचाना, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर न्याय प्रणाली को आसान बनाना और समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।



टीम ने कानूनों के सरल उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया कि इनका आम जीवन में क्या प्रभाव पड़ेगा और पुलिस व न्यायालय की प्रक्रियाएं किस प्रकार बदली हैं।

यह पहल पुलिस विभाग की जनपक्षीय सोच और टेक्नोलॉजी आधारित न्यायिक पहुँच को दर्शाती है। अभियान आगामी दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।



