

लोकेशन रुद्रपुर उधम सिंह नगर

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को रुद्रपुर स्थित जिला पंचायत कार्यालय और विकासखंड कार्यालय में नामांकन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) से चुनावी तैयारियों और नामांकन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नामांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।



जिलाधिकारी ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया चुनाव की सबसे अहम कड़ी है, अतः यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी प्रत्याशी आसानी से अपना नामांकन दाखिल कर सकें और चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित हो।




उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज, शपथ पत्र आदि संलग्न हों, इसकी पूरी तरह से जांच की जाए।

उन्होंने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 5 जुलाई है और तब तक सभी आरओ और एआरओ निर्भय होकर कार्य करें। किसी प्रकार की परेशानी या समस्या आने पर तुरंत उप जिलाधिकारी या निर्वाचन कंट्रोल रूम को सूचित करें ताकि तत्काल समाधान किया जा सके।

अंत में, जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के सभी मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की और कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता की भूमिका अहम है।



