उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: विकासखंड कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 1724 पर्चे बिके

उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: विकासखंड कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 1724 पर्चे बिके

स्थान-सितारगंज

रिपोर्टर-तनवीर अंसारी

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई। विकासखंड कार्यालय में पहले दिन ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। हालांकि, कड़ी धूप और तपती गर्मी ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की परीक्षा जरूर ली।

नामांकन पत्र खरीदने और दाखिल करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यालय पहुंचे, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। तपती धूप में घंटों इंतजार करते प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को न तो छांव मिली और न ही पीने का ठंडा पानी।

इस दौरान एसडीएम रविंद्र कुमार जुबांठा ने विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया और रिटर्निंग अधिकारी व विकासखंड अधिकारी से नामांकन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अब तक 1724 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है और पर्चे दाखिल होने की प्रक्रिया भी जारी है।

लड़खड़ाती व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर एसडीएम ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त की जाएं। टेंट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, जिससे प्रत्याशियों को राहत मिल सके।

उन्होंने आगे बताया कि चुनाव आचार संहिता के लागू होने के बाद क्षेत्र में धारा 163 बीएनएनएस प्रभावी कर दी गई है। साथ ही, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भी सख्ती से निर्देशित किया गया है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर अब पूरे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है और अगले कुछ दिनों में नामांकन प्रक्रिया और भी तेज होने की संभावना है।