देहरादून: अवैध गैस रिफिलिंग पर जिला पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो दुकानों से 54 सिलेंडर बरामद

देहरादून: अवैध गैस रिफिलिंग पर जिला पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो दुकानों से 54 सिलेंडर बरामद

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : सचिन कुमार

जिले में गैस की अवैध रिफिलिंग की बढ़ती शिकायतों के मद्देनज़र जिला पूर्ति विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग ने प्रेमनगर और सेलाकुई क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़ किया।

जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून ने जानकारी दी कि प्रेमनगर क्षेत्र से प्राप्त शिकायत के आधार पर छानबीन की गई, जिसके बाद सेलाकुई में सतीश पाल और दीपक पाल की दुकानों पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान वहां से अवैध गैस रिफिलिंग किट और करीब 54 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए।

पूर्ति विभाग की टीम ने इस पर आगे कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों के खिलाफ सेलाकुई थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।

अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध रिफिलिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानमाल की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं पर इस तरह की अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें।