भाजपा नेत्री कांड: महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने पीड़िता से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और राहत की मांग

भाजपा नेत्री कांड: महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने पीड़िता से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और राहत की मांग

रिपोर्टर : शहजाद अली
स्थान : हरिद्वार

हरिद्वार में भाजपा नेत्री द्वारा अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म कराए जाने के सनसनीखेज मामले ने नया मोड़ ले लिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला मंगलवार को पीड़ित बच्ची से मिलने पहुंचीं और उसका हालचाल जाना।

ज्योति रौतेला ने बताया कि बच्ची काफी डरी हुई और मानसिक रूप से अस्थिर है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़िता को उचित मनोवैज्ञानिक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जाए।

बाद में महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच सुनिश्चित करने की मांग की। एसएसपी ने कांग्रेस नेत्रियों को बताया कि केस की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

ज्योति रौतेला ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह मामला बेहद शर्मनाक और अमानवीय है। इसमें शामिल हर आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।”

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और उसे कानूनी सहायता के साथ-साथ समुचित राहत भी प्रदान की जाए।

इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भारी आक्रोश है। अब सभी की निगाहें एसआईटी की जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।